मनाली में पेयजल संकट बरकरार
लोग टैक्सियों में पानी ढोने को हुए मजबूर
अमर उजाला ब्यूरो
मनाली (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली में तीसरे दिन भी पेयजल संकट बरकरार रहा। पेयजल संकट होने पर अब लोग टैक्सियों में पेयजल ढोकर लाने के लिए मजबूर हैं। आईपीएच विभाग का दावा है कि शुक्रवार रात्रि से पेयजल आपूर्ति संबंधी सभी सेवाएं सामान्य हो जाएंगी। शुक्रवार को मौसम साफ रहने के कारण मनालसु नाले से सिल्ट खत्म हो गई है। ऐसे में अब आईपीएच अपने वाटर टैंक भर रहा है।
शुक्रवार को तीसरे दिन भी पेयजल न मिलने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों को एक बार फिर से पुराने स्रोतों से पानी ढोना पड़ा। कड़ी मशक्कत से पेयजल इकट्ठा किया जा रहा है। मनाली को पानी देने के वाले मनालसू नाले में भारी बारिश के चलते सिल्ट आ जाने पर आईपीएच विभाग ने अपने टैंकों में पानी भरना बंद कर दिया था। जिससे मनाली में पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई थी। पिछले तीन दिनों से पेयजल सप्लाई बाधित है।
मनाली निवासी नरेंद्र सूद, आशीष, पप्पू, गौत्तम, कमलेश बौद्घ ने बताया कि बरसात के दौरान भी यह समस्या दोबारा पेश आ सकती है। ऐसे में आईपीएच को वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए। नाले में सिल्ट आने पर आईपीएच विभाग की पेयजल संबंधी सभी तैयारियों की पोल खुल गई है। पर्यटन सीजन के दौरान इन दिनों मनाली में पर्यटक हैं। ऐसे में पेयजल न होने पर देशभर में मनाली की छवि धूमिल हो रही है। हालांकि होटलियर अपने स्तर पर भरपूर पानी मंगवा रहे हैं।
इधर, आईपीएच विभाग के एसडीओ अमित ने बताया कि नाले में सिल्ट आने की वजह से दिक्कत पेश आई है। यदि ऐसे पानी से टैंक भरे जाएं तो सिल्ट भी भर जाती है और फिल्टर खराब हो जाते हैं। मनाली में प्रतिदिन 6 लाख लीटर पानी की आवश्यकता होती है फिर भी विभाग द्वारा बोरवेल से पानी निकाल कर 2 लाख लीटर पानी एकत्र कर लोगों को पानी देने का प्रयास किया गया है। शुक्रवार रात्रि से पेयजल समस्या खत्म हो जाएगी और सुचारू सप्लाई दी जाएगी।