41 स्कूलों के 1500 प्रतिभागी करेंगे प्रतिभा का प्रदर्शन
लोकनृत्य, फैशन शो आदि स्पर्धाओं में दिखाएंगे दम
सूत्रधार संस्था के वर्षगांठ उत्सव 17 से होगा आगाज
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। 41वें सूत्रधार वर्षगांठ उत्सव को लेकर लालचंद प्रार्थी कलाकेंद्र में 17 से 21 जून तक प्रतिदिन कार्यक्रम होंगे। जिसमें लोकनृत्य, समूह नृत्य, प्रिंस सूत्रधार, प्रिंसेस सूत्रधार, समूह गान, लघु नाटक, फैशन शो, मूक अभिनय, लोकगीत, फिल्मगीत, वाद्यवृंद, फैंसी ड्रेस, चित्रकला की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
सूत्रधार संस्था के अध्यक्ष दिनेश सेन ने कहा कि पांच दिवसीय उत्सव में कुल्लू घाटी के बजौरा से लेकर मनाली तक के 41 निजी और सरकारी पाठशालाओं के लगभग 1500 प्रतिभागी छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विभिन्न पाठशालाओं की प्रतियोगिताएं 17 से 21 जून तक प्रतिदिन सांय पांच बजे से रात्रि दस बजे तक ऐतिहासिक लाल चंद प्रार्थी कलाकेंद्र कुल्लू में होंगी। जबकि नाटक प्रतिस्पर्धा देवसदन कुल्लू के सभागार में 18 जून को होगी। प्राथमिक व माध्यमिक वर्ग की चित्रकला प्रतियोगिता 19 को तथा वरिष्ठ वर्ग की 20 जून को कलाकेंद्र में होगी। कार्यक्रम में सभी कलाप्रेमियों व दर्शकों के लिए प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। अंतिम दिन संस्था के कलाकारों द्वारा विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी। दिनेश सेन ने कहा कि कार्यक्रम की तैयारियां पूरी हो चुकी है।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष व प्रभारी संगीत यानिंद्र कपूर, प्रेस सचिव राजेश शानू, महासचिव व प्रभारी लोक नृत्य सुंदर श्याम महंत, वित्त सचिव विजय गोयल, सचिव मंजू शर्मा, भंडार प्रभारी तिलक राज, सह प्रभारी संगीत प्रदीप कपूर, सह प्रभारी नाटक केतन वर्मा, सह प्रभारी लोकनृत्य सीमा शर्मा और सह प्रभारी वित्त जोगिंद्र ठाकुर आदि मौजूद रहे।