पतलीकूहल को पुलिस थाना, सीएचसी की घोषणा
मुख्यमंत्री ने कुल्लू जिले में रखी 120 करोड़ की आधारशिलाएं
पर्यटन नगरी मनाली को मिला नया सर्किट हाउस
अमर उजाला ब्यूरो
मनाली (कुल्लू)। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने मनाली में परिधि गृह और पीएससी पतलीकूहल का उन्नयन करके सीएचसी तथा पुलिस चौकी पतलीकूहल को पुलिस थाना तथा सोयल स्कूल को वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बनाने की घोषणा भी की।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा यह सुनिश्चित करेगी कि वे एक सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकें। मुख्यमंत्री ने यह बात जिला रेडक्रॉस सोसायटी कुल्लू के वरिष्ठ नागरिक पहल योजना शुरू करने के उपरांत सोमवार को मनुरंगशाला में लोगों को संबोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों को चिकित्सा सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं तथा किसी भी चिकित्सा आपातकालीन मामले में चिकित्सक व अन्य पैरामेडिकल स्टाफ वरिष्ठ नागरिकों के पास पहुंचेंगे तथा उन्हें उपचार दिया जाएगा। वह न तो राजनीतिक पृष्ठभूमि से आते हैं और न ही वह समृद्ध परिवार से हैं। उन्हें स्कूल पहुंचने व घर वापस आने के लिए रोजाना 18 किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था और इस प्रकार से वह आम आदमी की अपेक्षाओं और भावनाओं को भली-भांति समझते हैं। टोपी हिमाचली संस्कृति और परंपरा का प्रतीक होने के साथ-साथ पहाड़ी लोगों का गौरव भी है लेकिन विपक्ष ने हमेशा हिमाचली टोपी को राजनीतिक रंग दिया है।
इस अवसर पर सीएम ने परिवहन निगम बस स्टैंड मनाली में सड़क सुरक्षा सप्ताह के समापन समारोह के अवसर पर सड़क सुरक्षा के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए मनाली बाइकर्स एसोसिएशन की जागरूकता रैली को रवाना किया। उन्होंने इस अवसर पर सुरक्षा की शपथ भी दिलाई तथा लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालने करने का आग्रह किया।
इस दौरान उन्होंने रोहतांग दर्रे में वाहनों की सुविधा को सुचारू रूप से चलाने के लिए मोबाइल ऐप भी लांच किया। उन्होंने मनाली के मॉल रोड के सौंदर्यीकरण की नींव भी रखी। इस योजना के तहत ऐतिहासिक मॉल रोड को सुंदर बनाया जाएगा। जो कि पर्यटकों के लिए अतिरिक्त आकर्षण का केंद्र होगा। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि कुल्लू से मनाली तक बाएं तरफ की सड़क विश्व बैंक की सहायता से शीघ्र ही तैयार की जाएगी। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने मनाली के डुंगरी में प्रसिद्ध हिडिंबा माता मंदिर का दौरा किया और पूजा अर्चना की।
बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री ने मनाली में हिमालयी निममापा बौद्ध मठ का भी दौरा किया। वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री को अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र का स्वागत करते हुए कहा कि 28 से 30 अप्रैल तक मुख्यमंत्री का कुल्लू जिले का दौरा जिले के लिए वरदान साबित हुआ है। इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कुल्लू जिले के 120 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की नींव रखी है। इस मौके पर विधायक सुरेंद्र शौरी, जिला भाजपा अध्यक्ष भीम सेन, भाजपा प्रदेश महासचिव राम सिंह, जिप सदस्य धनेश्वरी ठाकुर, मुख्यमंत्री के ओएसडी शिशु धर्मा, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, उपायुक्त युनुस और एसपी शालिनी अग्निहोत्री उपस्थित रहे।