कम किए जाएं कमरों और डोरमेट्री के रेट
उपायुक्त कुल्लू से मिला भाजपा प्रतिनिधिमंडल
गरीबों को 200 रुपये में मिल रहा है एक बेड
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला मुख्यालय के सरवरी में बने आउटर सराज भवन में बाह्य सराज के लोगों को उचित दर में सुविधा मुहैया करवाने को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त कुल्लू से मिला। भाजपा मंडल आनी के अध्यक्ष अमर ठाकुर की अध्यक्षता में मिले प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से बाह्य सराज भवन में आनी-निरमंड के लोगों को कम से कम रेट में कमरे देने तथा डोरमेट्री में सुविधा देने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि अभी तक प्रशासन द्वारा बाह्य सराज भवन में पांच सौ से छह सौ रुपये का प्रति कमरा निर्धारित किया है। वहीं डोरमेट्री में 200 रुपये प्रति बेड का रेट तय किया है लेकिन जिला मुख्यालय में अपने कामकाज व अस्पताल में उपचार को आने वाले बाह्य सराज के लोगों के लिए यह निर्धारित रेट काफी ज्यादा है और इसका लाभ गरीब लोगों को नहीं मिल रहा है।
डीसी कुल्लू युनूस ने प्रतिनिधिमंडल की ओर से रखी मांग को सुना और आश्वासन दिया कि जल्द ही नए सिरे से बाह्य सराज भवन के कमरों और डोरमेट्री के रेटों को नए सिरे से तय करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि बाह्य सराज भवन में आनी-निरमंड के आम लोगों को सुविधा मिले इसको लेकर प्रशासन प्रयासरत है। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू डॉ सुशील शर्मा से भी बाह्य सराज के स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चर्चा की। सीएमओ ने प्रतिनिधिमंडल को 100 बिस्तरों के आनी अस्पताल में प्रदान की जा रही सुविधाओं को लेकर अगवत करवाया।
सीएमओ डॉ सुशील शर्मा ने कहा कि आनी और निरमंड में नई तकनीक की अल्ट्रासाउंड मशीनें लगाई जा रही हैं। इस मौके पर प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य योगेश वर्मा, वेद ठाकुर, दिनेश ठाकुर, संदीप चौहान और प्रवीन ठाकुर आदि मौजूद रहे।