अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला मुख्यालय के साथ लगते बबेली बाजार और गांव में दो माह से सरकारी नलकों में पानी नहीं आ रहा है। ग्रामीण और बाजारवासी हैंडपंप का गंदा पानी या फिर एक किलोमीटर दूर स्थित जायरू से पानी ढोने को मजबूर हैं। बबेली के लिए जोड़ी गई कशेढ़-बबेली पेयजल स्कीम के जवाब देने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों और बाजार के लोगों ने कई बार आईपीएच विभाग को समस्या से अवगत करवाया है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। अब ग्रामीण और बाजारवासी आईपीएच विभाग के प्रति भड़क गए हैं और पेयजल का समाधान करने की मांग की है। बबेली बाजार निवासी विवेक सूद, धर्म चंद, तारा चंद, दलीप सिंह, शीला देवी तथा मीरा गुलेरिया ने कहा कि पेयजल की किल्लत से पूरा कस्बा और बबेली गांव के ग्रामीण परेशान हैं। उन्होंने कहा कि परेशान लोगों को एक किलोमीटर दूर से पानी ढोना पड़ रहा है। परिवार के एक सदस्य को पानी ढोने के लिए लगाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बबेली में हैंडपंप से भी गंदा पानी निकल रहा है, जो पीने लायक नहीं है। उन्होंने विभाग से समस्या को जल्द दूर करने की मांग की है। उधर, आईपीएच कटराईं के सहायक अभियंता सतीश पठानिया ने कहा कि बबेली गांव और बाजार को जोड़ी गई पेयजल स्कीम का पानी सोर्स में बहुत कम हो गया है, जो लोगों के गुजारे लायक नहीं है। उन्होंने कहा कि बबेली में हैंडपंप की टेस्टिंग चल रही है। दो-तीन दिनों में इसे शुरू कर पानी की समस्या दूर हो जाएगी।