अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू।
ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की होने वाली रैली के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कुल्लू जिला की सीमाओं को सील कर दिया है।
जिले में ट्रैफिक रूट को भी बदला है। सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक कॉलेज गेट चौक से अस्पताल, डीसी कार्यालय, एसपी कार्यालय और ढालपुर चौक मार्ग पर यातायात पूर्ण रूप से बंद रहेगा। सभी वाहन लेफ्ट बैंक से होकर गुजरेंगे।
पीएम की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने पीएम के हेलीकाप्टर लैंडिंग स्थल और जनसभा स्थलों को भी कब्जे में ले लिया है। 18 पुलिस अफसरों समेत 800 जवानों की तैनाती की गई है। भुंतर से लेकर रामशीला तक 300 पुलिस जवान ट्रैफिक व्यवस्था देखेंगे।
सर्कुलर रोड से ही छोटे वाहनों की आवाजाही की जाएगी। शहर के करीब एक दर्जन पार्किंग स्थल भी खाली रहेंगे। सुरक्षा के लिहाज से यहां कोई भी वाहन पार्क नहीं हो सकेगा। वीआईपी वाहनों को रथ मैदान में ही पार्क किया जाएगा।
बाहर से आने वाले वाहनों को बाशिंग, बस स्टैंड, मौहल तथा तेगुबेहड़ आदि में पार्क करने की व्यवस्था की गई है। इधर, पुलिस अधीक्षक कुल्लू शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि तीन दिनों से रात्रि गश्त और पेट्रोलिंग को तेज कर दिया है। दोपहर एक बजे से लेकर पांच बजे तक शहर के अंदर कोई भी वाहन मूवमेंट नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि चप्पे-चप्पे पर पुलिस का कड़ा पहरा बैठाया गया है।
000