कुल्लू। लालचंद्र प्रार्थी कलाकेंद्र में शुक्रवार को भारत भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने वार्षिक अभिभावक दिवस धूमधाम से मनाया। समारोह में स्कूल के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया। समारोह में पुलिस अधीक्षक शॉलिनी अग्रिहोत्री ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए जीवन में परिश्रम करना आवश्यक है। बिना परिश्रम के सफलता मिलना असंभव है। मनुष्य को सफल होने के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। मुख्यातिथि ने शिक्षा व अन्य क्षेत्रों में अव्वल रहने वाले मेधावियों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया। स्कूल के प्रधानाचार्य निरंजन देव ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। उन्होंने स्कूल में हुई वर्षभर की गतिविधियों का ब्यौरा अभिभावकों के समक्ष पेश किया। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरूआत दीप प्रज्ज्वलित कर सरस्वती वंदना से हुई। नर्सरी के बच्चों ने ..हनी बनी, केजी के बच्चों ने राजस्थान का डांस, प्री नर्सरी ने बूम-बूूम पर प्रस्तुति दी। पहली कक्षा ने खुशखबरी, दूसरी ने ग्रीन इंडिया क्लीन इंडिया, सातवीं कक्षा के बच्चों ने वंदे मातरम पेश कर वाहवाही लूटी। वहीं लाहौली नाटी, ब्लू व्हेल, भांगड़ा, शिमला नाटी, महाराष्ट्र का लानवी नृत्य पेश कर विद्यार्थियों ने दर्शकों की तालियां बटोरीं। कार्यक्रम के अंत में कुल्लवी नाटी की धूम रही। कुल्लवी नाटी पेश कर बच्चों ने अभिभावकों व मुख्यातिथि का मन मोह लिया। इस दौरान काफी संख्या में अभिभावक व विद्यार्थी मौजूद रहे।