खराहल (कुल्लू)। आराध्य देवता जुआणी महादेव के सम्मान में मनाए जाने वाले तीन दिवसीय मेले में शनिवार को सैकड़ों हारियान देवी-देवताओं के संग जुआणी महादेव के मंदिर स्थित न्योली में थिरके। मेले में डोभी की काली ओडी शनिवार को ढोल, नगाड़ों और नरसिंगों की स्वरलहरियों के बीच न्योली में पहुंची। जहां महादेव के कारकूनों ने माता का भव्य स्वागत किया। वहीं शुक्रवार को कटराईं के देवता वीरनाथ और बारी के देवता वीर नाथ भी मेले में पहुंचे थे।
शनिवार को देवी-देवताओं के साथ कुल्लवी चोला टोपी के परिधान में दो दर्जन नृतकों ने नाटी डाली। इस मौके पर देवलुओं ने भी नृत्य किया। वहीं देवता के गूरों ने देव नृत्य भी किया। देवताओं ने लाव लश्कर के साथ मंदिर के चारों ओर परिक्रमा भी की। सैकड़ों लोगों ने देवताओं के समक्ष शीश नवाया तथा देवताओं से सुख समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया। महादेव युवक मंडल के प्रधान गोपाल महंत ने बताया कि वॉलीबाल प्रतियोगिता में दो दर्जन टीमों ने भाग लिया हैं। बारिश होने के कारण अभी फाइनल तक पहुंचने वाली टीम का निर्णय नहीं हो पाया है। मेले के समापन समारोह में कुल्लू वैली स्कूल के प्रधानाचार्य संजीव भारद्वाज ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। जबकि विशेष अतिथि के तौर पर रेणुका डोगरा भी उपस्थित रही। इस दौरान न्योली पंचायत के उप प्रधान भूपेंद्र ठाकुर, पंच गौतम, कारदार एवं पूर्व प्रधान ओमप्रकाश महंत आदि मौजूद रहे।