कुल्लू। लाहौल-स्पीति के तेजतर्रार युवा आईपीएस अधिकारी गौरव सिंह ने ड्यूटी में कोताही बरतने पर एक पुलिस चौकी और दो चेक पोस्ट का सारा स्टाफ सस्पेंड कर दिया। इनमें एक एएसआई समेत 21 पुलिस और होमगार्ड जवान शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान पुलिस चौकी कोकसर, चेक पोस्ट दारचा में ड्यूटी समय पर कोताही बरती जा रही थी। वहीं सरचू चेक पोस्ट में कोताही बरतने की पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी। इनके विरुद्ध विभागीय जांच बिठाई गई है। एसपी की सख्त कार्रवाई से पुलिस कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
लाहौल-स्पीति में एसपी का पदभार संभालते ही गौरव सिंह एक्शन मोड पर हैं। दो दिन पहले ही खनन माफिया पर बड़ी कार्रवाई की गई है। एसपी विभिन्न पुलिस चौकियों और चेक पोस्ट का भी निरीक्षण कर रहे हैं। पुलिस चौकी कोकसर और चेक पोस्ट दारचा में निरीक्षण के दौरान एसपी गौरव सिंह स्टाफ अपनी ड्यूटी का सही निर्वहन नहीं करते हुए पाए गए। वहीं सरचू चेक पोस्ट की कार्यशैली सही न होने की उन्हें सूचना मिली। जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों जगहों का सारा स्टाफसस्पेंड कर दिया। पुलिस चौकी कोकसर में एक एएसआई, सात कांस्टेबल और चार होमगार्ड जवान, चेक पोस्ट दारचा में एक हैड कांस्टेबल व चार कांस्टेबल और सरचू में 1 हैड कांस्टेबल व चार कांस्टेबल के विरुद्ध कार्रवाई अमल पर लाई गई है। इस मामले में लाहौल-स्पीति पुलिस विभाग का राजपत्रित अधिकारी जांच करेगा।
इधर, एसपी लाहौल-स्पीति गौरव सिंह ने कहा कि निरीक्षण के दौरान पुलिस चौकी कोकसर, एससीपी दारचा में स्टॉफ ड्यूटी के दौरान कोताही करते हुए पाए गए। वहीं एससीपी सरचू की कार्यशैली सही न होने की सूचना मिली थी। जिस पर तीनों जगहों के स्टाफ को सस्पेंड किया गया है।