आठ दिन बाद बहाल हो गए कुल्लू-मंडी जिले के दस एचआरटीसी रूट
शवाड़-राणाबाग सड़क पर डंगा गिरने से अलग-थलग हो गई थीं दस पंचायतें
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। शवाड़-राणाबाग-छतरी सड़क पर गिरे डंगे की जगह लोक निर्माण विभाग ने पहाड़ी काटकर 100 मीटर नई सड़क तैयार की है। इससे कुल्लू और मंडी जिले के छतरी क्षेत्र की दस पंचायतों के लोगों को सुविधा मिली है।
इस मार्ग पर निगम के दस बस रूट चलते हैं। डंगा गिरने से लोग दस किलोमीटर पैदल चलने पर मजबूर थे। लोक निर्माण विभाग को 100 मीटर सड़क बनाने में तीन दिन का समय लगा।
लोक निर्माण विभाग को एलएनटी से पहाड़ी को काटकर नई सड़क बनानी पड़ी। बताया जा रहा है कि शवाड़-राणाबाग-छतरी सड़क पर गिरे डंगे की जगह नया डंगा लगाना सुरक्षित नहीं था। ऐसे में विभाग ने कुल्लू-मंडी जिले की 10 पंचायतों की करीब 15 हजार लोगों को पेश आ रही समस्या को देखते हुए नई सड़क का निर्माण किया है। यह सड़क न केवल राणाबाग से बिशलाधार, करशाला, बलेहड़ और बांशा की सड़कों को जोड़ती है, बल्कि सीमांत लगते मंडी जिले के छतरी को भी जोड़ती है। यहां से आगे यह सड़क मंडी, करसोग और सुंदरनगर के लिए निकलती है। इन इलाकों के लोगों ने लोक निर्माण विभाग का आभार जताया है।
सुरेंद्र ठाकुर, टेक सिंह, भाग सिंह, नरोत्तम सिंह, मोहन ठाकुर और तिलक राज ने कहा कि शवाड़-राणाबाग मुख्य सड़क अवरुद्ध होने से रघुपुर और छतरी क्षेत्र के हजारों लोगों को जनजीवन ठहर गया था। स्कूल-काॅलेज, नौकरीपेशा लोगों के साथ मरीजों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि भूस्खलन से प्रभावित इस जगह पर लोक निर्माण विभाग ने नई सड़क बनाकर राहत दी है।
एलएनटी मशीन लगाकर भूस्खलन से प्रभावित जगह पर लगभग 100 मीटर का नई सड़क बनाई गई है। इस निर्माण कार्य में विभाग को तीन दिन का समय लगा और 23 मार्च शाम को इसे बसों समेत सभी तरह के वाहनों के लिए बहाल किया गया।
- मनीष कुमार, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग