कसौली थाने में दर्ज गैंगरेप मामले की पुलिस अभी और गवाहों के बयान लेगी। इसमें जांच अधिकारी ने अभी कुछ और समय मांगा है। बताया जा रहा है कि पुलिस को अभी तक ठोस जानकारी नहीं मिल पा रही है। इसके चलते ही कुछ गवाहों को दोबारा से बुलाया जाएगा। हालांकि, अभी पुलिस के पास कोर्ट में रिपोर्ट पेश करने के लिए 25 दिन बचे हैं। जब मामला दर्ज हुआ था तो इसमें मुख्य गवाह पीड़िता की सहेली को बनाया गया था। मगर अब पीड़िता की सहेली ने इससे किनारा कर लिया है। ऐसे में बीते 35 दिनों में पुलिस ने जो छानबीन की थी, उसकी दिशा बदल गई है।
पुलिस अब इसमें पीड़िता से भी अन्य गवाहों के बारे में भी पूछ रही है। इसमें होटल प्रबंधक और कर्मचारियों से पहले ही पूछताछ हो चुकी है। अब पुलिस पीड़िता से ऐसे व्यक्तियों के बारे में पूछताछ कर रही है, जो घटना के समय उन्हें मिले थे। पीड़िता ने जिनके नाम पहले बताए थे, उनमें ज्यादात्तर लोगों से पूछताछ पुलिस पहले ही कर चुकी है। वहीं बताया जा रहा है कि पुलिस के लिए डेढ़ साल पुराने मामले में जरूरी सबूत जुटाने मुश्किल हो गए हैं। उधर, डीएसपी परवाणू मेहर पंवर ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जांच अधिकारी ने अभी कुछ और गवाहों से पूछताछ करनी है। अभी तक कई गवाहों से पहले भी पूछताछ हुई है। पुलिस तय समय पर मामले की रिपोर्ट तैयार कर सौंप देगी।