दुकान में रैकी करता युवक। स्रोत : सीसीटीवी
पालमपुर (कांगड़ा)। नए बस स्टैंड पालमपुर में एक युवक ने मोबाइल की दुकान से एक मोबाइल चोरी कर लिया। दुकान में कोई व्यक्ति न होने पर युवक ने वारदात को अंजाम दिया। इस घटना का वीडियो भी खूब वायरल हो रहा है। सीसीटीवी फुटेज देखकर दुकानदार ने आरोपी युवक को ढूंढा और उससे मोबाइल बरामद कर लिया गया है। हालांकि आरोपी युवक और उसके परिजनों के माफी मांगने के चलते दुकान मालिक ने पुलिस में शिकायत नहीं की है।
युवक नशे की चपेट में बताया जाता है, जिससे उसके परिजन भी परेशान हैं। यह देख दुकानदार ने इसकी शिकायत पुलिस में नहीं की। बताया जाता है कि युवक पिछले कुछ दिनों से दुकान की रैकी कर रहा था कि दुकान में कब कौन कहां जाता है।
उधर, थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि पुलिस के पास ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है। आती है तो पुलिस कार्रवाई करेगी।