कुल्लू। शीतला माता मंदिर सरवरी में चोरी को अंजाम देने वाले शातिर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए सीसीटीवी कैमरों का सहारा लिया। आरोपी की पहचान आदित्य ठाकुर (33) निवासी इन्नर सरवरी, कुल्लू के रूप में हुई है। आरोपी से चांदी के छत्र भी बरामद कर लिए हैं। कुछ सामान अभी बरामद नहीं हुआ है। दो महीने पहले यही आरोपी एनडीपीएस मामले में पकड़ा गया था।
बीते रविवार रात को शातिर ने सरवरी के शीतला माता मंदिर से चांदी के तीन छत्र, सोने की छह आंखें चोरी कर ली थीं। सुबह जब मंदिर का पुजारी मंदिर में आया तो पाया कि चोरी हुई है। इसके बाद मंदिर प्रबंधन ने शिकायत पुलिस में की। शीतला माता मंदिर में सीसीटीवी कैमरा भी लगे थे।
पुलिस ने इनकी मदद ली और शातिर तक पहुंचने में कामयाब हुई। बताया जा रहा है कि आरोपी को नशे की लत है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक डॉ. कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन ने कहा कि चोरी का आरोपी गिरफ्तार कर लिया है। शहर में अब तक हुई चोरी के संबंध में आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। कहा कि शहर में इस तरह की गतिविधियों को अंजाम देने वालों पर शिकंजा कसा जाएगा। संवाद