गुलेर (कांगड़ा)। पुलिस थाना हरिपुर के अंतर्गत शेरलोहारा में राष्ट्रीय राजमार्ग-503 पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक घायल हो गया। घायल की पहचान विशाल (25) पुत्र सुरिंद्र कुमार निवासी शेरलोहारा, डाकघर बनखंडी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देहरा पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 3:50 बजे बनखंडी की ओर से पंजाब नंबर की एक क्रेटा कार तेज रफ्तार से आ रही थी। इस दौरान कार चालक ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने के लिए अपनी लेन छोड़कर गलत दिशा में गाड़ी डाल दी जिससे देहरा की तरफ से आ रही पल्सर बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। बाइक सड़क किनारे दीवार से जा टकराई और विशाल सड़क पर दूर जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने सड़क से गुजर रहे एक ट्राले की मदद से घायल युवक को देहरा अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में चालक के अलावा उसके माता-पिता और छोटा भाई भी सवार थे।
सूचना मिलने पर पुलिस चौकी रानीताल की टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों का निरीक्षण किया। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर कोटकपूरा, जिला फरीदकोट (पंजाब) निवासी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एएसपी देहरा नवदीप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से गलत लेन में वाहन चलाने के कारण हुआ है। संवाद