योल (कांगड़ा)। पुलिस थाना धर्मशाला के अंतर्गत योल-धर्मशाला मुख्य मार्ग पर रक्कड़ चौक के समीप रविवार देर रात हुए एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस को दिए बयान में योल कैंट के टीका चतेहड़ निवासी चश्मदीद मोहम्मद इजहार ने बताया कि वह रक्कड़ रोड़ सिद्धबाड़ी स्थित अपनी दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान पठानकोट निवासी नलिन थापा अपनी बाइक को रक्कड़ की ओर जाने वाले मार्ग पर मोड़ रहे थे। तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक, जिसे कोटला निवासी रोहित कुमार चला रहा था, उनकी बाइक से सीधे टकरा गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार बुरी तरह घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही नलिन थापा ने दम तोड़ दिया। वहीं, रोहित कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है।
एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। संवाद