बैजनाथ (कांगड़ा)। स्थानीय पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत चौबीन के शांति नगर में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ मिला है। मृतक की पहचान चौबीन निवासी शुभकरण (पुत्र रघुबीर सिंह) के रूप में हुई है। घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें युवक ने अपनी मर्जी से यह कदम उठाने की बात लिखी है।
पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएस) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बुधवार को हेल्पलाइन नंबर-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी कि शांति नगर में एक युवक कमरे में फंदे से लटका मिला है। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो युवक का शव कमरे में डबल बेड पर पड़ा था।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने ही फंदे में इस्तेमाल किए गए दुपट्टे को काटकर शव को नीचे उतारा था। मृतक के गले पर फंदे के निशान पाए गए हैं, जबकि प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी अन्य बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। मृतक के पिता रघुबीर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शुभकरण का एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन युवती के परिजनों की आपत्ति के कारण बात आगे नहीं बढ़ सकी।
आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक तनाव के चलते यह दुखद घटना हुई है। एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि परिजनों ने फिलहाल किसी पर कोई संदेह व्यक्त नहीं किया है। पुलिस ने मौके से दुपट्टा, मफलर और सुसाइड नोट को कब्जे में ले लिया है। मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है।