ज्वालामुखी (कांगड़ा)। ज्वालामुखी क्षेत्र के अप्पर घलोर में करवा चौथ से एक दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में हुई महिला की मौत के बाद शनिवार को अंतिम संस्कार के दौरान विवाद हो गया। पोस्टमार्टम के बाद दोपहर में शव परिजनों को सौंपा गया था। अंतिम संस्कार से पहले मायका और ससुराल पक्ष के बीच विवाद होने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालात को देखते हुए पुलिस की मौजूदगी में महिला का अंतिम संस्कार करवाया गया।
महिला की मौत के बाद मायका पक्ष ने पति, सास और देवर पर हत्या के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद से ही महिला की मौत की परिस्थितियों को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं हो रही हैं। करवा चौथ से ठीक पहले हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों को भी स्तब्ध कर दिया है। वहीं, अंतिम संस्कार के दौरान दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद ने मामले को और संवेदनशील बना दिया।
अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के दौरान विवाद बढ़ने पर पुलिस ने मौके पर मौजूद रहकर स्थिति संभाली। पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार करवाया गया, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। संवाद