पालमपुर (कांगड़ा)। कंडबाड़ी क्षेत्र की वर्षों पुरानी संकरी सड़क की हालत सुधारने को लेकर लोगों का सब्र अब जवाब देने लगा है। सोमवार को जिला परिषद सदस्य नवी ठाकुर की अगुवाई में लोगों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर मुख्य सड़क ध्रम्मण से कंडबाड़ी-सपेड़ू वाया ननाहर मार्ग के चौड़ीकरण की मांग का ज्ञापन सौंपा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह सड़क वर्षों से संकरी है और समय-समय पर केवल ऊपरी सतह को दुरुस्त कर उसे काला कर दिया जाता है या फिर मिट्टी डालकर काम चला लिया जाता है। लेकिन आज तक सड़क को कभी चौड़ा नहीं किया गया।
इससे न सिर्फ आम लोगों को असुविधा होती है, बल्कि कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। सड़क की संकीर्णता के कारण आपसी विवाद और झगड़ों की नौबत भी आ चुकी है। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य नवी ठाकुर ने चेतावनी दी कि अगर लोक निर्माण विभाग सात दिन के भीतर इस सड़क का कार्य आरंभ नहीं करता, तो वह समस्त जनता के साथ एसडीएम कार्यालय परिसर के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सड़क का कार्य शुरू नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।