धर्मशाला। नागरिक अस्पताल इंदौरा में स्वास्थ्य के साथ सफाई व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। अस्पताल में सफाई कर्मचारियों के स्वीकृत सभी छह पद रिक्त हैं। ऐसे में अस्पताल की साफ-सफाई का जिम्मा नियमित कर्मचारियों के बजाय रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) के सहारे चलाया जा रहा है।
समिति के माध्यम से डेली नीड (दैनिक आवश्यकता) के आधार पर सफाई करवाई जा रही है जिससे अस्पताल की स्वच्छता के संबंध में अस्थायी इंतजामों पर निर्भरता बनी हुई है। अस्पताल में रोजाना सुबह महज एक या दो घंटों के लिए दिहाड़ी पर सफाई कर्मचारियों को बुलाकर सफाई करवाई जाती है। इसके बाद पूरा दिन अस्पताल में सफाई व्यवस्था भगवान भरोसे रहती है।
दिनभर न तो शौचालयों की नियमित सफाई हो पाती है और न ही अन्य जरूरी वार्डों व गलियारों में स्वच्छता बनी रहती है। इससे अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर संक्रमण फैलने का गंभीर खतरा बना हुआ है।
अस्पताल में केवल सफाई कर्मचारी ही नहीं, बल्कि अन्य श्रेणियों के भी बड़ी संख्या में पद रिक्त चल रहे हैं। इससे स्वास्थ्य सेवाओं और सहायक कार्यों पर सीधा असर पड़ रहा है।
-
अस्पताल में 68 में से 25 पद रिक्त
अस्पताल में विभिन्न श्रेणियों के कुल 68 स्वीकृत पदों में से 25 पद रिक्त हैं। सबसे अधिक कमी चतुर्थ श्रेणी और सफाई कर्मचारियों की है।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी: 13 स्वीकृत पदों में से 9 रिक्त।
सफाई कर्मचारी: सभी 6 स्वीकृत पद रिक्त।
चिकित्सक: 10 स्वीकृत पदों में से 2 रिक्त।
लैब तकनीशियन: 4 स्वीकृत पदों में से 2 रिक्त।
फार्मेसी अधिकारी: 4 स्वीकृत पदों में से 1 रिक्त।
एक्सरे तकनीशियन व नेत्र अधिकारी: दोनों श्रेणियों के 2-2 पदों में से 1-1 पद रिक्त।
अन्य पद: ट्रेंड दाई के 2 में से 1, कुक का 1 और माली का 1 स्वीकृत पद रिक्त।
अस्पताल में सफाई कर्मचारियों के सभी पद रिक्त हैं। ऐसे में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए रोजाना रोगी कल्याण समिति के तहत डेली नीड पर सफाई करवाई जा रही है। रिक्त पदों के बारे में समय-समय पर उच्च अधिकारियों और सरकार को अवगत करवाया जा रहा है। -डॉ. संदीप महाजन, बीएमओ, स्वास्थ्य खंड इंदौरा