पंचायत फारियां के करडियाल गांव में आग से जलकर राख हुई गेंहू की फसल। स्रोत: पाठक
जवाली (कांगड़ा)। उपमंडल जवाली की पंचायत फारियां के गांव करडियाल में शुक्रवार को हूं के खेत में आग लग गई। इस हादसे में लगभग एक कनाल भूमि में प्राकृतिक विधि से उगाई गई पूरी फसल जलकर राख हो गई। पीड़ित किसान अमर सिंह की छह महीने की मेहनत चंद मिनटों में खाक हो गई। अमर सिंह ने बताया कि खेत के बीच से गुजर रही बिजली लाइन के खंभे में हुए शॉर्ट सर्किट से आग फैल गई। जब तक स्थानीय लोग आग बुझाते, तब तक पूरी फसल जल चुकी थी।
सबसे चिंताजनक पहलू यह रहा कि फायर ब्रिगेड की मदद भी नहीं मिल सकी। जब जवाली फायर स्टेशन को सूचना दी गई तो वहां से जवाब मिला कि उनके वाहन सर्विसिंग पर हैं और फिलहाल कोई गाड़ी उपलब्ध नहीं है। किसान अमर सिंह ने बताया कि अगर समय पर दमकल विभाग की सहायता मिल जाती, तो शायद कुछ फसल बचाई जा सकती थी, लेकिन अब सारी मेहनत बर्बाद हो गई है। उन्होंने प्रशासन और कृषि विभाग से नुकसान का उचित आंकलन कर मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही उन्होंने यह भी अपील की कि ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन सेवाओं को और अधिक चुस्त-दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से समय रहते निपटा जा सके।