पालमपुर के चौकी में घरों में घुसने के बाद जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से बात करते त्रिलोक कपूर
पालमपुर (कांगड़ा)। पिछले दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण नगर निगम पालमपुर के वार्ड नंबर-नौ (चौकी) स्थित हरिजन बस्ती में कृपाल चंद कूहल उफान पर आ गई। कूहल का पानी लोगों के घरों में घुसने से वीरवार देर शाम स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वीरवार शाम ही लोगों ने खुद कूहल के पानी को रोककर बड़े नुकसान को होने से बचाया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पार्षद मीनू देवी ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। वहीं शुक्रवार सुबह प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने पार्षद मीनू देवी के साथ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। प्रभावित परिवारों की स्थिति देखकर त्रिलोक कपूर ने जलशक्ति विभाग के मुख्य अभियंता दीपक गर्ग से दूरभाष पर बात कर तुरंत अधिकारियों को मौके पर भेजने के निर्देश दिए।
सूचना मिलते ही विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर कूहल को दुरुस्त करवाया। कपूर ने कूहल की शीघ्र सफाई और आवश्यक मरम्मत कराने की बात कही ताकि प्रभावितों को स्थाई राहत मिल सके। उधर, जलशक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता पंकज व्यास ने बताया कि लोगों द्वारा कूहल में कचरा और अन्य सामग्री फेंकने से पानी अवरुद्ध हो गया था। उन्होंने कहा कि फिलहाल कूहल की सफाई करवाकर पानी की निकासी सुचारु कर दी गई है।