धर्मशाला। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने पंचायतों और शहरी निकायों के पुनर्गठन व परिसीमन के बाद मतदाता सूचियों के मसौदे तैयार करने के लिए निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार परिसीमन के अंतिम प्रकाशन के बाद पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
डीसी ने बताया कि परिसीमन संपन्न होने के मात्र तीन दिनों के भीतर मतदाताओं का सत्यापन और स्थानांतरण कार्य पूरा करना अनिवार्य होगा। इसके अगले एक दिन में मतदाता सूची की प्रीव्यू कॉपी तैयार की जाएगी। प्रीव्यू जारी होने के एक दिन के भीतर ग्राम सभा की विशेष बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें सूची का अवलोकन होगा। बैठक के अगले ही दिन मसौदा सूची तैयार कर आगामी चरण के लिए भेज दी जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) को निर्देश दिए हैं कि ग्राम सभा की बैठक के लिए कम से कम तीन दिन पहले सार्वजनिक नोटिस जारी किया जाए। साथ ही पंचायत सचिवों को बैठक से पूर्व अपडेटेड मतदाता सूची उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए हैं। सभी अधिकारियों को इस पूरी प्रक्रिया की रिपोर्ट समय पर जिला निर्वाचन कार्यालय को भेजने को कहा गया है, ताकि चुनावी तैयारियों में देरी न हो।