विकास परिषद ने करवाई भारत को जानो प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
बैजनाथ (कांगड़ा)। हिमालयन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वीरवार को भारत विकास परिषद शाखा बैजनाथ पपरोला की ओर से शाखा स्तरीय राष्ट्रीय समूहगान और भारत को जानो प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इसमें उपमंडल के 11 स्कूलों के 200 छात्र-छात्राओं और अध्यापकों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह राणा ने की, जबकि कुमुद मेहता विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
शाखा के महासचिव अनुज आचार्य ने बताया कि भारत को जानो प्रतियोगिता के कनिष्ठ और वरिष्ठ वर्ग में 11-11 टीमों ने भाग लिया। कनिष्ठ वर्ग में विजन पब्लिक स्कूल की टीम प्रथम, हिमालयन पब्लिक स्कूल द्वितीय और रावमा अवेरी की टीम तृतीय स्थान पर रही। इसी प्रकार वरिष्ठ वर्ग की भारत को जानो प्रतियोगिता में विजन पब्लिक स्कूल प्रथम, भारतीय विद्यापीठ द्वितीय और हिमालयन पब्लिक स्कूल एवं कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पपरोला की टीमें संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं।
राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में कुल 8 स्कूलों की टीमों ने भाग लिया, जिसमें भारती विद्यापीठ स्कूल प्रथम, विजन पब्लिक स्कूल द्वितीय और राजकीय उच्च विद्यालय झिकली भेठ की टीम तृतीय स्थान पर रही। पपरोला से बैजनाथ फार्मेसी के शर्मा परिवार की ओर से पिछले वर्ष से शुरू की गई चल ट्रॉफी पर इस साल भी भारती विद्यापीठ स्कूल बैजनाथ की टीम ने अपना कब्जा बरकरार रखा।
इस दौरान मुख्यातिथि कुलदीप सिंह राणा ने प्रतियोगिता में भागीदारी करने वाले विद्यार्थियों से निष्ठा, समर्पण, परिश्रम और कभी हार न मानते हुए निरंतर प्रयत्न करते हुए अपने लक्ष्य को साधने का मंत्र दिया। उन्होंने बच्चों को सपने देखने की सीख दी और प्रतिभागी बच्चों को शानदार प्रदर्शन के लिए मुबारक दी। कार्यक्रम में कंवर अमरनाथ, स्वामी प्रेमानंद सरस्वती और कमल शर्मा जज के रूप में उपस्थित रहे।