कृषि विवि पालमपुर में शपथ ग्रहण समारोह में पशु चिकित्सा स्नातक और अन्य। -स्रोत : विवि
पालमपुर (कांगड़ा)। प्रदेश के कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार ने कहा कि देश की जीडीपी में कृषि और पशुपालन का सबसे बड़ा योगदान है। ऐसे में ग्रामीण आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने की मुख्य जिम्मेदारी अब युवा पशु चिकित्सकों के कंधों पर है। वे सोमवार को प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के डॉ. जीसी नेगी पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय के 35वें बैच के शपथ ग्रहण समारोह को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि यह पेशा बेहद चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि इसमें बेजुबानों की बीमारियों के केवल लक्षण देखकर उनका सटीक उपचार करना होता है।मंत्री ने 59 नव पशु चिकित्सकों को औपचारिक रूप से पेशे में शामिल होने पर बधाई दी और उनसे पूर्ण समर्पण, अखंडता और करुणा के साथ समाज सेवा का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि चिकित्सकों को किसानों के बीच जाकर अनुसंधान आधारित कार्य करना चाहिए, ताकि पशुपालकों की आजीविका को सशक्त बनाया जा सके। इस दौरान उन्होंने छात्रों को आश्वासन दिया कि उनके स्टाइपंड को बढ़ाने के लिए विभाग जल्द उचित कदम उठाएगा। समारोह से पूर्व कृषि मंत्री ने करीब 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाले उस पैदल गलियारे (कॉरिडोर) का भूमि पूजन किया, जो विश्वविद्यालय के तीन मुख्य भवनों को आपस में जोड़ेगा।
विधायक ने सराहे विश्वविद्यालय के प्रयास
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित पालमपुर के विधायक एवं सीपीएस आशीष बुटेल ने देश और प्रदेश को बेहतरीन प्रोफेशनल देने के लिए विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने संस्थान की कुछ ज्वलंत समस्याओं को भी मंत्री के समक्ष रखा। कुलपति डॉ. एके पांडा ने महाविद्यालय की शैक्षणिक और अनुसंधान उपलब्धियों का ब्यौरा साझा किया। इस अवसर पर संकाय सदस्य, अभिभावक और विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।