अनावरण के दौरान फूल-माला पहनाकर पुष्पांजलि अर्पित करते स्थानीय लोगस्त्रोत जागरूक पाठक
बलिदानी की याद में करवाई वाॅलीबाल प्रतियोगिता
पहले मैच में 17 पंजाब ने 13 जैक राइफल्स को हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
जालग (कांगड़ा)। जालग के वीर सपूत अमर शहीद हवलदार मस्तराम की स्मृति में शनिवार को दो दिवसीय मेमोरियल वाॅलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ उनकी प्रतिमा के अनावरण के साथ हुआ। सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र सिंह भाटिया ने प्रतिमा का अनावरण किया।
हवलदार मस्तराम भारतीय सेना की 4 महार रेजीमेंट में सेवारत थे। वह सेना के सर्विस लेवल के उत्कृष्ट वॉलीबाल खिलाड़ी रहे। जालग स्कूल से राष्ट्रीय स्तर तक अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले मस्तराम 22 फरवरी 1980 को जम्मू-कश्मीर के आरएस पुरा सेक्टर में ऑपरेशन ड्यूटी के दौरान हुए विस्फोट में बलिदान हो गए थे। बलिदानी की स्मृति में आयोजित प्रतियोगिता में सेना की 13 जैक राइफल्स, 10 डोगरा, 17 पंजाब रेजीमेंट, 24 गार्ड्स के अलावा हिमाचल पुलिस, बिलासपुर, ऊना, चंडीगढ़ और दीनानगर (पंजाब) की टीमें भाग ले रही हैं। पहले मुकाबले में 17 पंजाब ने 13 जैक राइफल्स, दूसरे मैच में हिमाचल पुलिस ने 24 गार्ड्स और तीसरे मुकाबले में दीनानगर (पंजाब) ने 10 डोगरा को पराजित किया। विजेता को 35 और उपविजेता को 25 हजार जबकि सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को विशेष पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। प्रधान रतन चंद ने बताया कि मेहमानों के लिए खाने की व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर सेना, अर्धसैनिक बलों के सेवानिवृत्त अधिकारी, खिलाड़ी, बलिदानी के भाई इंस्पेक्टर रत्न चंद, भाई किशोरी लाल, दीप चंद, विशेष अतिथि चतर सिंह आदि मौजूद रहे।