रैत (कांगड़ा)। निजी महत्वकांक्षा के लिए मुट्ठी भर स्वयंभू सदस्यों की ओर से राजनीति और निजी स्वार्थ से प्रेरित होकर मजबूत संगठन को टारगेट करना घातक है। हिमाचल प्रदेश पूर्व अर्द्धसैनिक बल कल्याण संगठन के चीफ पैट्रन एमएल ठाकुर ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए एकजुटता जरूरी है।
उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय पूर्व अर्धसैनिक कल्याण संघ के संयुक्त बैनर तले हिमाचल प्रदेश राज्य पूर्व अर्धसैनिक कल्याण संघ ने पूर्व पैरामिलिट्री सैनिकों के कल्याण और सम्मान की रक्षा में पिछले छह वर्षों में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। इनमें अंतिम संस्कार सम्मान, सैनिक कल्याण बोर्ड के समान कल्याण बोर्ड के गठन की वकालत करना, मोबाइल कैंटीन और सीएलएमएस सुविधा, विधवाओं, वीर नारियों और वरिष्ठ सैनिकों के लिए न्याय आदि सुविधाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि हाल में देश में 22 सीजीएचएस बैलेंस सेंटर खोलने के लिए सरकार ने सूचना भी जारी कर दी है, लेकिन चिंता की बात है कि कुछ असंतुष्ट व्यक्ति, राजनीतिक हितों की सलाह पर काम करते हुए इस संगठन को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। एमएल ठाकुर ने बताया कि हम अर्धसैनिक बिरादरी से आग्रह किया कि बेईमान, निजी हित के लिए स्वार्थी तत्व जो हमारे पवित्र मिशन को विभाजित या पटरी से उतारने की कोशिश कर रहे हैं को कामयाब न होने दें। संवाद