धर्मशाला। विदेशों में रोजगार प्राप्त करने के इच्छुक युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है। हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम की ओर से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में मिस्त्री, कारपेंटर तथा निर्माण श्रमिकों के पदों के लिए एचआर भाटिया सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जा रही है। क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी धर्मशाला अक्षय कुमार ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को मासिक वेतन 1500 दिरहम (जिसमें 1200 दिरहम मूल वेतन व 300 दिरहम भोजन भत्ता शामिल है), लगभग 36 हजार रुपये दिया जाएगा। इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता न्यूनतम पांचवीं पास रखी गई है।
आवेदक के पास वैध पासपोर्ट होना अनिवार्य है। इच्छुक उम्मीदवार 09 अक्तूबर 2025 को प्रातः 9ः00 बजे अपने मूल प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, बायोडाटा, पासपोर्ट आकार के फोटो व सभी दस्तावेजों की प्रतिलिपियों सहित हिमाचल प्रदेश गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज बडू (हमीरपुर) में उपस्थित होकर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा अनुमोदित 30 हजार रुपये और जीएसटी शुल्क देना होगा। जिन अभ्यर्थियों के पास वैध पासपोर्ट नहीं है, उन्हें साक्षात्कार में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस साक्षात्कार के लिए किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता या अन्य देय राशि प्रदान नहीं की जाएगी। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक उम्मीदवार दूरभाष नंबर 01892-224892 पर संपर्क कर सकते हैं।