कांगड़ा जिले के पुलिस थाना लंबागांव की टीम ने शुक्रवार देर रात जयसिंहपुर के दो युवकों से 60.10 ग्राम चरस पकड़ी है। आरोपियों की पहचान अतुल कुमार (37) व संजीव कुमार (43) निवासी जयसिंहपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात जब लंबागांव पुलिस जयसिंहपुर की ओर गश्त पर जा रही थी तो जयसिंहपुर के कुटाहण देहरिया के पास खड़े आरोपी पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगे।
इस पर पुलिस को शक हुआ और दोनों को पकड़ लिया। तालाशी करने पर आरोपियों से 60.10 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएसएक्ट के तहत मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी है। मामले की पुष्टि डीएसपी बैजनाथ अनिल शर्मा ने की है।