देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। ढलियारा में तीखे मोड़ पर तारकोल से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 50 फुट नीचे सत्संग भवन के पार्किंग स्थल में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया। उसे उपचार के लिए देहरा अस्पताल पहुंचाया गया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार ट्रक पानीपत से तारकोल लेकर शाहपुर जा रहा था। ढलियारा में तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक सड़क से नीचे पलटता हुआ पार्किंग स्थल में जा गिरा। हादसे के बाद पार्किंग में तारकोल बिखर गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि घायल चालक उत्तर प्रदेश का निवासी है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। एएसपी देहरा नवदीप सिंह ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। संवाद