कचहरी, कोतवाली और श्यामनगर डिपो शामिल, विज्ञापन प्रक्रिया शुरू
कर्मचारी को अन्य गोदामों, कार्यालय या कहीं खाली पड़े पद पर स्थानांतरित किया जाएगा
सुरेंद्र कौर
धर्मशाला। जिले में खाद्य आपूर्ति निगम के तहत संचालित होने वाले तीन डिपो अब निजी व्यक्तियों के माध्यम से चलाने का निर्णय लिया जा रहा है। इसके लिए खाद्य आपूर्ति निगम की ओर से विज्ञापन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक व्यक्ति निर्धारित शर्तों के तहत डिपो संचालन के लिए आवेदन कर सकेंगे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित व्यक्तियों को डिपो संचालन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
निदेशालय की ओर से यह निर्णय घाटे में चल रहे डिपो के चलते लिया गया है। जबकि निगम के कर्मचारी को अन्य गोदामों, कार्यालय या कहीं खाली पड़े पदों पर स्थानांतरित किया जाएगा। निगम से जानकारी के अनुसार जिले में खाद्य आपूर्ति निगम के तीन डिपो संचालित हो रहे हैं। इनमें कचहरी, कोतवाली और श्यामनगर स्थित निगम के डिपो शामिल हैं। अभी तक इन डिपो के माध्यम से उपभोक्ताओं को खाद्यान्न सहित अन्य जरूरी वस्तुओं का वितरण किया जा रहा है। अब विभाग ने इनका संचालन निजी व्यक्तियों के माध्यम से करवाने की तैयारी की है।
विभाग की इस पहल के तहत डिपो संचालन के इच्छुक लोगों से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। आवेदन प्राप्त होने के बाद निर्धारित नियमों और पात्रता शर्तों के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद चयनित आवेदकों को संबंधित डिपो के संचालन का जिम्मा दिया जाएगा। निजी व्यक्तियों के माध्यम से डिपो संचालित करने की व्यवस्था लागू होने से इनके कामकाज में बदलाव देखने को मिल सकता है।
जिला कांगड़ा में निगम के तीन डिपो संचालित हो रहे हैं। जिला में पब्लिक डिस्ट्रिब्यूशन समिति की बैठक के बाद ही डिपो को निजी व्यक्तियों को सौंपने का निर्णय लिया जाएगा। -
जागीर सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक, खाद्य आपूर्ति निगम कांगड़ा