हर रूट पर टिकट काटने से प्रबंधन को मिल रही सवारियों की संख्या की जानकारी
लंबे रूट पर सवारियां न बिठाने पर परिचालकों से की जा रही जवाब तलबी
तनुज सैणी
धर्मशाला। हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में ई-टिकटिंग मशीन से यात्रियों की टिकट काटने के साथ ही निगम प्रबंधन परिचालकों पर भी नजर रख रहा है। इस मशीन से टिकट काटने से प्रबंधन को बसों में सफर कर रहे यात्रियों की संख्या का भी पता चल रहा है।
साथ ही बस में कितने किलोमीटर तक सवारियां नहीं बिठाई गई हैं, इसकी भी जानकारी मिल रही है। इसमें खासकर लंबे रूटों पर चलने वाली बसों में बीच रास्ते में सवारियां न बैठाने के कारणों को लेकर परिचालकों से जवाब-तलबी भी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार एचआरटीसी प्रबंधन ने पिछले वर्ष जुलाई माह में धर्मशाला मंडल के तहत आने वाले सभी डिपो में ई-टिकटिंग मशीन उपलब्ध करवाई गई थी। इस मशीन के माध्यम से यात्रा के दौरान सवारियां टिकट के पैसे देने अथवा ऑनलाइन मनी ट्रांसफर एप के माध्यम से किराये का भुगतान कर रही हैं। इसमें निगम प्रबंधन के लिए भी बस में सवारियों की संख्या का पता लगाने में आसानी हो रही है।
वहीं, यात्रियों की लंबे रूटों पर बस अड्डों को छोड़कर बीच रास्ते में सवारियों को न बैठाने की शिकायतों को लेकर भी निगरानी की जा रही है। कई बार लंबे रूटों पर चलने वाली बसों में बीच के स्टेशनों में सवारियों को नहीं बैठाया जाता है। इससे यात्रियों को परेशानी होने के साथ ही निगम को भी आर्थिक नुकसान होता है। ई-टिकटिंग मशीन में टिकट काटने के समय और स्थान की पूरी जानकारी ऑनलाइन ही मिलती है। ऐसे में लंबे रूटों पर चलने वाली बसों में काफी किलोमीटर के बाद भी सवारी न बैठने के कारण चालक-परिचालक से पूछताछ की जा रही हैं। उधर, डीएम एचआरटीसी धर्मशाला पंकज चड्ढा ने बताया कि ई-टिकटिंग मशीन से परिचालकों की भी निगरानी भी हो रही है। लंबे रूटों पर चलने वाली बसों में कई किलोमीटर तक बस में सवारी न बैठने के कारणों को लेकर कारण भी परिचालक से पूछे जा रहे हैं।