धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से सीबीएसई में शिफ्ट होने वाले सरकारी स्कूलों के प्राचार्यों के लिए मंगलवार से पांच दिवसीय विशेष प्रेरणा प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। उच्च शिक्षा निदेशालय द्वारा आयोजित यह ट्रेनिंग प्रोग्राम जिला मुख्यालय धर्मशाला (राजकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय) और जिला सोलन में एक साथ चलाया जा रहा है।
इसका उद्देश्य नव नियुक्त और पदोन्नत प्राचार्यों को प्रशासनिक बारीकियों, स्कूल प्रबंधन और विभाग की नई नीतियों से अपडेट करना है। इस विशेष प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने की। पहले दिन प्राचार्यों के अधिकार-कर्तव्य, शैक्षणिक नेतृत्व और एचपी बोर्ड से सीबीएसई में परिवर्तन के दौरान आने वाली चुनौतियों व नियमों पर चर्चा की गई।
दूसरे दिन शिक्षा क्षेत्र में नवीनतम सुधार, स्कूल कॉम्प्लेक्स सिस्टम, मोबाइल फोन पर प्रतिबंध, प्री-प्राइमरी कक्षाओं में प्रवेश नियम, आरटीई एक्ट-2005 और नई शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के क्रियान्वयन पर विस्तृत विचार-विमर्श होगा। तीसरे दिन अदालती मामलों (कोर्ट केस) का प्रबंधन व निपटान, वित्तीय प्रबंधन, समग्र शिक्षा, पीएफएमएस, एसएनए स्पर्श, जीएफआर नियम, अवकाश और सेवा नियमों की महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी।
प्रशिक्षण के चौथे और पांचवें दिन सामुदायिक भागीदारी, एसएमसी की भूमिका, डिजिटल अटेंडेंस, यू-डाइस प्लस, वीएसके, विभागीय जांच और स्कूल निरीक्षण जैसे राज्य स्तरीय नियमों पर सत्र आयोजित होंगे। ट्रेनिंग के आखिरी दिन सभी प्रतिभागी प्राचार्यों को शिक्षा विभाग की ओर से प्रमाण पत्र भी वितरित किए जाएंगे।