धर्मशाला। सड़कों पर बढ़ते यातायात और सुरक्षा के लिहाज से पुलिस विभाग ने धर्मशाला के तीन प्रमुख चौकों पर ट्रैफिक लाइटें लगाने की योजना बनाई है। इसमें फव्वारा चौक कोतवाली बाजार, गांधी वाटिका और योल का मुख्य बाजार शामिल है।
इसके साथ ही धर्मशाला-दाड़ी मुख्य मार्ग पर प्रयास भवन के समीप रंबल स्ट्रिप लगाने की भी योजना है। क्योंकि इन चारों चौकों पर आए दिन सड़क हादसे पेश आते रहते हैं। ट्रैफिक लाइटें स्थापित होने और रंबल स्ट्रिप से सड़क हादसों को कम किया जा सकता है। गत मंगलवार को धर्मशाला में सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में भी धर्मशाला के व्यापार मंडल ने शहर में बढ़ते ट्रैफिक के कारण सड़क हादसों से बचाव के लिए उचित कदम उठाने की मांग उठाई थी। धर्मशाला पर्यटनस्थल होने के चलते यहां पर रोजाना बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं।
सड़कों पर दौड़ते वाहनों के कारण राहगीरों को सड़क पर चलना भी मुश्किल होता है। वहीं, आए दिन ट्रैफिक जाम की भी समस्या रहती है। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीर बहादुर ने कहा कि मैक्लोडगंज में ट्रैफिक लाइट स्थापित कर दी गई हैं। फव्वारा चौक, गांधी वाटिका और योल बाजार में ट्रैफिक लाइट्स का प्रोपोजल है। इसके लिए अगर नगर निगम या जिला प्रशासन बजट उपलब्ध करवाए तो आगे की प्रक्रिया जल्द शुरू की जा सकती है।