पालमपुर(कांगड़ा)। बलिदानी कैप्टन सौरभ कालिया वन विहार, बंदला पालमपुर में पहली टॉय ट्रेन को लेकर लोगों में खासा उत्साह है, लेकिन इस ट्रेन की शुरुआत में थोड़ी देरी हो रही है। वन विहार में बनी इस टॉय ट्रेन का ट्रायल सफल रहा, लेकिन ट्रैक के एक हिस्से पर चढ़ाई के दौरान वोल्टेज की कमी के चलते ट्रेन अपनी गति नहीं बना पा रही है।
वन विभाग और निर्माण कंपनी की ओर से बताया गया कि ट्रेन की अधिकतम गति सात से आठ किलोमीटर प्रति घंटा होगी, लेकिन फिलहाल तकनीकी समस्या के कारण इसे नियमित रूप से चलाना संभव नहीं हो पा रहा। इस समस्या के समाधान के लिए इंजीनियरों की टीम पालमपुर पहुंच चुकी है और जल्द ही ट्रेन का संचालन शुरू करने की उम्मीद है।
सौरभ वन विहार में पहले से झील, नौकायन और एक्वेरियम जैसी सुविधाएं हैं, लेकिन अब टॉय ट्रेन और ज़िप लाइन जैसे एडवेंचर जुड़ने से यह स्थल पर्यटकों के लिए और भी अधिक आकर्षक बन गया है। पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार के प्रयासों से शुरू हुई यह परियोजना अब पालमपुर के पर्यटन को नई दिशा देने जा रही है।
तीन बोगियां, 36 यात्री हो सकते हैं संवार
टॉय ट्रेन का निर्माण बिल्ट-ऑपरेट-ट्रांसफर (बीओटी) मॉडल पर किया गया है। यह ट्रेन तीन बोगियों में कुल 36 यात्रियों को एक साथ ले जा सकेगी।
एक करोड़ की आई लागत
करीब 826 मीटर लंबे ट्रैक पर तैयार की गई इस परियोजना पर एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है। इसके तहत निर्माण और संचालन की जिम्मेदारी एक निजी कंपनी को दी गई है, जो वन विभाग को सालाना 84,000 रुपये का भुगतान करेगी। हालांकि, इसके टिकट के दाम क्या होंगे, यह बाद में फाइनल किया जाएगा।
ट्राय ट्रेन को शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। हालांकि वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए इंजीनियर काम पर लगे हैं। जल्द ही यह आकर्षण पर्यटकों के लिए खुल जाएगा।
डॉ. संजीव शर्मा, डीएफओ पालमपुर