मैक्लोडगंज। पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज रविवार को ठंडक की चपेट में आ गई। हल्की बूंदाबांदी के बाद तेज हुई बारिश और उसके उपरांत उसके बाद सर्द हवाओं ने मौसम में ठंडक ला दी। ठंडक बढ़ने के चलते मैक्लोडगंज में घूमने आए पर्यटकों को ठंड से बचाव के लिए जैकेट, स्वेटर और शॉल खरीदने को मजबूर होना पड़ा। त्रियूंड में भी हल्की बर्फबारी हुई है। मैक्लोडगंज में पर्यटकों की आमद कम है, लेकिन पर्यटक आ रहे हैं। इन दिनों पुणे, गुजरात, केरल और पंजाब के पर्यटकों ने पर्यटन नगरी में डेरा जमाया हुआ है। जैसे ही पर्यटकों को रविवार को त्रियूंड में बर्फबारी की सूचना मिली तो पर्यटकों ने त्रियूंड की ओर रुख कर दिया।
स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि 15 मई के बाद कई राज्यों में छुटि्टयां पड़ने वाली हैं, ऐसे में पर्यटकों की आमद बढ़ेगी। वहीं, कुछ राज्यों में चुनाव के चलते पर्यटकों के न आने से कारोबारी निराश भी हैं, साथ ही उम्मीद भी है कि 15 के बाद पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। व्यापारियों का कहना है कि मई माह में धौलाधार पहाड़ियों सहित त्रियूंड में हल्की बर्फबारी से मौसम सुहावना बना हुआ है, ऐसे में वह पर्यटकों को धौलाधार पर हो रही बर्फबारी की जानकारी दी जा रही है, जिससे कि यह संदेश अन्य राज्यों तक पहुंचे और पर्यटक धर्मशाला का रुख करें।