तैयारियों को लेकर होटलियर्स ने विभाग के साथ की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। कांगड़ा जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मार्च माह में धर्मशाला पर्यटन महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। पर्यटन महोत्सव के आयोजन की तैयारियों को लेकर वीरवार को जिला पर्यटन विकास अधिकारी कांगड़ा विनय धीमान की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में महोत्सव के आयोजन को लेकर चर्चा की गई और 15 फरवरी को महोत्सव को लेकर फिर बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें महोत्सव की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा।
महोत्सव के आयोजन का उद्देश्य धर्मशाला सहित जिला कांगड़ा को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है। बैठक में होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन स्मार्ट सिटी धर्मशाला और एडवेंचर टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन धर्मशाला के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन स्मार्ट सिटी धर्मशाला के महासचिव संजीव गांधी ने बताया कि धर्मशाला पर्यटन महोत्सव समिति का गठन किया जा रहा है। समिति आयोजन के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करेगी। साथ ही सरकार, प्रायोजकों और पर्यटन से जुड़े अन्य हितधारकों से सहयोग प्राप्त करने के लिए प्रयास करेगी।
महोत्सव में देशभर के ट्रेवल एजेंट़, बड़ी पर्यटन इकाइयों और पर्यटकों को आमंत्रित किया जाएगा। इस दौरान होटल एसोसिएशन के राहुल धीमान, अशोक पठानिया, रशपाल पठानिया, सुभाष नेहरिया, अश्वनी बांबा, संजीव जसवाल, अरुण वर्मा, दीपक जौड़ा और राजेश शंघारी उपस्थित रहे।