डाडासीबा (कांगड़ा)। जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में जमीन की ईकेवाईसी के नाम पर एक कर्मचारी की ओर से हर उपभोक्ता से वसूली करने का मामला सामने आया है। सरकारी मापदंडों के अनुसार ईकेवाईसी चाहे जमीन की हो या फिर बिजली मीटर और पानी की बिल्कुल निशुल्क की जा रही है।
आरोप है कि बावजूद इसके राजस्व विभाग में तैनात एक संबंधित कर्मचारी हर व्यक्ति से पैसे वसूल रहा है। डाडासीबा पंचायत के पूर्व उपप्रधान बलदेव सिंह ने बताया कि उनकी जमीन तीन जगह है। जब उन्होंने अपनी जमीन की ईकेवाईसी करवाई तो राजस्व विभाग के एक कर्मचारी ने ईकेवाईसी के रूप में उनसे 60 रुपये लिए। जब 60 रुपये की रसीद मांगी तो कर्मचारी ने रसीद देने से इंकार कर दिया। जबकि, सरकार की गाइड लाइन के अनुसार कोई भी ईकेवाईसी के रूप में रुपये नहीं ले सकता है। उधर, पटवारी ने कहा कि पटवार घर में पटवारी के अलावा अन्य किसी को ईकेवाईसी करने का अधिकार नहीं है, मामले की जांच की जाएगी।
वहीं, तहसीलदार ने बताया कि जो भी जमीन की ईकेवाईसी करवाई जा रही है, उसमें किसी भी उपभोक्ता को रुपये देने की जरूरत नहीं है। अगर कोई पैसे ले रहा है तो उसके विरुद्ध उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।