धर्मशाला। उपायुक्त कांगड़ा राकेश प्रजापति ने कांगड़ा जिले में ऑनलाइन कक्षाओं के लिए समयावधि निर्धारित कर दी है। इस बाबत जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों के लिए दिन में दो घंटे तक की ऑनलाइन कक्षाएं लगाई जा सकेंगी। छठी से लेकर आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए दिन में चार घंटें तक की ऑनलाइन कक्षाओं की अनुमति रहेगी। इसके अतिरिक्त नवीं कक्षा से लेकर कालेज तक की कक्षाओं की समयावधि संबंधित स्कूल तथा कालेज प्रशासन निर्धारित करेंगे। उपायुक्त राकेश प्रजापति ने कहा कि अभिभावकों की मांग पर ऑनलाइन कक्षाओं की समयावधि को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए कोरोना कर्फ्यू 26 मई तक लगाया है। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में कोविड प्रोटोकॉल की अनुपालना सुनिश्चित करवाने के लिए दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। सामाजिक कार्यक्रमों और समारोहों पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। उन्होंने कहा कि शादियों में भी 20 से कम लोगों के शामिल होने की शर्त लगाई गई है, ताकि किसी भी स्तर पर सामाजिक दूरी के नियम की अवहेलना नहीं हो सके।