धर्मशाला। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के 14 मार्च को प्रस्तावित धर्मशाला दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए हैं। वीवीआईपी सुरक्षा को देखते हुए उपमंडल कांगड़ा, शाहपुर, धर्मशाला और पालमपुर में पैराग्लाइडिंग, ड्रोन उड़ाने, हॉट एयर बैलूनिंग और सभी प्रकार की एरो-स्पोर्ट्स गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।
अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी कांगड़ा शिल्पी बेक्टा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया कि सुरक्षा कारणों से निर्धारित अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की हवाई गतिविधि की अनुमति नहीं होगी। यह कदम उपराष्ट्रपति और अन्य वीवीआईपी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियात के तौर पर उठाया गया है।
प्रशासन द्वारा जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार उपराष्ट्रपति के काफिले के गुजरने से 10 मिनट पहले और 10 मिनट बाद तक सामान्य यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। हालांकि, एंबुलेंस और आपातकालीन वाहनों को आवागमन की छूट रहेगी। गगल एयरपोर्ट से सकोह, सर्किट हाउस से डाढ चौक, शीला चौक से चैतड़ू और गगल से टांडा मेडिकल कॉलेज मार्ग पर यातायात व्यवस्था बदली रहेगी।
इस क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही पर रहेगी रोक
14 मार्च को होम गार्ड ऑफिस चौक से कॉलेज ऑडिटोरियम और बीएड चौक से पुलिस ग्राउंड मुख्य द्वार तक वाहनों की आवाजाही वीवीआईपी के प्रस्थान तक बंद रहेगी। पुलिस ग्राउंड धर्मशाला को केवल पुरस्कार विजेताओं, प्रतिभागियों और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों के वाहनों की पार्किंग के लिए आरक्षित किया गया है। प्रशासन ने आम जनता से सहयोग की अपील की है।