बैजनाथ (कांगड़ा)। बीड़ बिलिंग घाटी से आगे राजगुंधा के चाइना पास के जंगल में रास्ता भटक गए गुजरात के तीन युवकों को पुलिस ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है। सूरत निवासी विपुल, निखिल चौधरी और जय त्रिवेदी गत वीरवार को ट्रैकिंग के दौरान रास्ता भूलकर विपरीत दिशा में करीब 15 किलोमीटर दूर आगे निकल गए थे।
देर रात मोबाइल नेटवर्क आने पर एक युवक ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद बीड़ पुलिस के एएसआई अरुण पटियाल के नेतृत्व में विनय, बलबीर और रवींद्र बख्शी का दल स्थानीय कैंपिंग साइट के युवकों के साथ रात को ही सर्च अभियान के लिए राज गुंधा पहुंचा। घने जंगल में सर्च लाइट और आवाजों के सहारे तलाश शुरू की गई।
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे तीनों को चाइना पास से 15 किलोमीटर दूर देवीधार के जंगल से सुरक्षित निकाला गया। युवकों ने बताया कि सर्च लाइट देखकर वे रास्ता न होने के कारण एक गुफा में रुक गए थे। एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने मामले की पुष्टि करते हुए पर्यटकों से ट्रैकिंग के दौरान स्थानीय गाइड साथ रखने की अपील की है।