बैजनाथ (कांगड़ा)। एसडीएम कार्यालय बैजनाथ के परिसर में शुक्रवार को राज्य स्तरीय महाशिवरात्रि महोत्सव की तैयारियों पर बैठक हुई। इसमें फैसला लिया कि इस बार मेला मंदिर की पार्किंग और उपमंडलीय अस्पताल के बाहर नहीं, बल्कि इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इसका आयोजन 26 फरवरी से 2 मार्च तक होगा। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम देवी चंद ठाकुर ने की और विधायक किशोरी लाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। पिछले कुछ दिन से मेले के आयोजन को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म था और अधिकांश लोगों और प्रशासन के सुझाव के बाद मेले के स्थान को बदलने का निर्णय लिया है।
साथ ही मेले के दौरान होने वाली खेल, मंदिर में होने वाले हवन, शोभायात्रा और अन्य गतिविधियां करने के लिए अधिकारियों और अन्य लोगों को नियुक्त किया। महोत्सव के पहले दिन मंदिर में भजन संध्या का और अगले तीन दिन इंदिरा गांधी स्टेडियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। विधायक किशोरी लाल ने कहा कि समय की जरूरत को देखते हुए सबकी सहमति के बाद इस बार मेले का आयोजन स्टेडियम किया जाएगा। पूर्व में मंदिर के साथ मेले का आयोजन होता था, लेकिन पुरातत्व विभाग की ओर से मंदिर का अधिग्रहण करने के कारण यह स्थान छोटा हो गया है। हवन और बाहर से आने वाले देवालयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस मौके पर अनुराग शर्मा, डीएसपी अनिल शर्मा, रमन ठाकुर, राहुल धीमान, नप अध्यक्ष आशा भाटिया, मिलाप राणा, शलभ अवस्थी, राकेश पटियाल, कांता देवी, बाल कृष्ण बंटी, विनय धीमान, को अशोक कुमार आदि उपस्थित रहे।
चौबीन चौक से स्टेडियम तक मिलेगी शटल बस सेवा
एसडीएम देवी चंद ठाकुर ने कहा कि सबके सहयोग से मेले का सफल आयोजन किया जाएगा। मेले के दौरान चौबीन चौक से स्टेडियम तक शटल बस सेवा शुरू की जाएगी। मंदिर की पार्किंग के साथ किसी को भी दुकान लगाने की अनुमति नहीं होगी।