नूरपुर में मकर संक्रांति के मौके पर श्री बृजराज स्वामी मंदिर कमेटी ने सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज
नूरपुर(कांगड़ा)। नूरपुर के ऐतिहासिक श्री बृजराज स्वामी मंदिर में मंगलवार को मकर संक्रांति पर्व धूमधाम से मनाया। कड़ाके की ठंड के बावजूद सुबह छह बजे श्रद्धालु भगवान श्री बृजराज स्वामी के दर्शन करने पहुंचने शुरू हो गए। सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज और विधायक रणवीर सिंह निक्का ने भी मकर संक्रांति के मौके पर भगवान श्री बृजराज स्वामी के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। इस मौके पर मंदिर कमेटी ने सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज और विधायक रणवीर सिंह निक्का सहित अन्य गणमान्य लोगों को सिरोपा भेंटकर सम्मानित किया। मंदिर कमेटी ने मकर संक्रांति के मौके पर देसी घी से तैयार खिचड़ी के भंडारे का आयोजन किया, सबसे पहले भगवान श्री बृजराज स्वामी महाराज और मीराबाई को पवित्र खिचड़ी का भोग लगाया गया।
सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज और विधायक रणवीर सिंह निक्का सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने खिचड़ी प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने प्रदेशवासियों को मकर संक्रांति की बधाई दी और मकर संक्रांति के दिन शानदार आयोजन के लिए मंदिर कमेटी की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि मंदिर कमेटी के प्रयासों से मंदिर में अभूतपूर्व विकास हुआ है। मंदिर कमेटी के प्रधान देवेंद्र शर्मा ने बताया कि मंदिर में प्रत्येक वर्ष मकर संक्रांति के उपलक्ष्य पर ठाकुर जी महाराज को देसी घी की खिचड़ी का भोग लगाया जाता है और श्रद्धालुओं के लिए भी खिचड़ी का भंडारा लगाया जाता है। कमेटी और शहरवासियों के सहयोग से मुख्य सड़क पर एक भव्य प्रवेश द्वार का भी निर्माण करवाया जा रहा है ताकि बाहर से आने वाले लोगों को आसानी से मंदिर का रास्ता दिख जाए।
इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष अशोक शर्मा, उपाध्यक्ष रजनी महाजन, व्यापार मंडल के अध्यक्ष अश्वनी सूरी, पूर्व पार्षद जीवन महाजन, योग राज, अश्वनी डफ्फा, अंशुल कोरला सहित भाजपा नेता अतुल सूदन व हीरा लाल के इलावा मंदिर कमेटी के अतुल गुप्ता, आलोक शर्मा, अशोक गुप्ता और सुनील पिंटू सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।