पालमपुर (कांगड़ा)। नगर निगम पालमपुर के घुग्घर और बिंद्राबन वार्ड में चोरों ने एक रात ही चार दुकानों के ताले तोड़ दिए। दुकानों में नकदी न होने पर चोर बादाम, काजू और देसी घी समेत अन्य सामान चुरा ले गए। पुलिस ने चोरी का पता चलते ही घटना स्थलों का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नगर निगम पालमपुर के नाला मंदिर मार्ग पर मंगलवार रात चोरों ने चार दुकानों में सेंध लगाई। इस दौरान उन्हें वहां थोड़ी ही नकदी मिली तो उन्होंने बादाम, काजू और देसी घी समेत अन्य सामान चुरा लिया। पहले चोरों ने किराना विक्रेता हरबंस लाल शर्मा की दुकान, अमर सिंह और रमेश कुमार की दुकानों के ताले तोड़े और सामान चोरी किया। इसके बाद बिंद्राबन में भी एक दुकान का ताला टूटा है, लेकिन वहां चोरी की पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस थाना पालमपुर के प्रभारी भूपेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।