कैहरियां-गुगलाड़ा पर तारकोल बिछाते कामगार। -संवाद
रैहन (कांगड़ा)। एफडीआर तकनीक से बन रहे कैहरियां चौक से गुगलाड़ा मार्ग पर कोलतार बिछाने का कार्य तेजी से जारी है। लोक निर्माण विभाग जवाली के अंतर्गत इस सड़क पर कोलतार बिछने के बाद उड़ती धूल और गड्ढों से परेशान राहगीरों और वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी।
करीब सात किलोमीटर लंबे इस मार्ग को कैहरियां चौक से खरोटा तक एफडीआर तकनीक से चंडीगढ़ की एक निर्माण कंपनी द्वारा तैयार किया जा रहा है। इस पर पांच करोड़ रुपये खर्च होंगे। निर्माण कार्य में हैवी मशीनरी लगाकर पहले सड़क को खोदा गया, फिर पुराने मटीरियल में सॉल्यूशन मिलाकर उसे दबाया गया। इसके बाद कैमिकल का छिड़काव कर अब कोलतार बिछाई जा रही है।
लोक निर्माण विभाग जवाली के अधिशासी अभियंता मनोहर लाल शर्मा ने कहा कि सड़क पर कोलतार बिछाने का कार्य शुरू हो चुका है और इसे शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा। निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता वाले मटीरियल का प्रयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। सड़क के निर्माण के बाद आगामी पांच वर्षों तक इसका रखरखाव संबंधित निर्माण कंपनी ही करेगी।