बरियाल (कांगड़ा)। नगरोटा सूरियां में पौंग झील के मध्य रेंसर टापू के रास्ते को लेकर विवाद की स्थिति बन गई है। एक तरफ लोगों ने वन्य प्राणी विभाग पर रास्ता रोकने का आरोप लगाया है। वहीं, दूसरी ओर वन्य प्राणी विभाग लोगों के हुड़दंग मचाने और प्रवासी पक्षियों के अंडे देने की बात कर सुरक्षा के लिहाज से इस रास्ते को बंद करने की बात कह रहा है। स्थानीय लोग निशांत शर्मा, सुदेश धीमान और अश्वनी गुलेरिया का कहना है कि पूरे पांच साल बाद नगरोटा सूरियां से रेंसर टापू तक रास्ता बना है और पर्यटकों को टापू की सुंदरता को निहारने के लिए वन्यप्राणी विभाग को चाहिए कि रेंसर में सुरक्षा गार्ड तैनात करने चाहिए, न कि रास्ता बंद करना चाहिए। उधर, वन्यप्राणी विभाग के डीएफओ रेजिगनॉल्ड रॉयस्टन का कहना है कि पौंग झील के बीच स्थित रेंसर टापू वन्यजीव अभ्यारण्य के बफर जोन में आता है और बहुत से प्रवासी पक्षियों द्वारा वहां पर अंडे दिए हैं। पर्यटक बिना रोक-टोक वहां पहुंच रहे हैं और कुछ देर शाम तक शराब पीकर हुड़दंग मचा रहे हैं। इसलिए रास्ते को बंद किया है।