पालमपुर (कांगड़ा)। दिग्गज भाजपा नेता पूर्व सीएम शांता कुमार ने पार्टी में अनुशासनहीनता के मामलों पर चिंता जताई है। उन्होंने दो टूक कहा कि संगठन में अनुशासनहीनता के लिए कोई स्थान न रहा है और न रहना चाहिए। जो ऐसे लोग हैं उन्हें भाजपा के स्वर्णकाल का अध्ययन कर मुख्य धारा से जुड़कर पार्टी के लिए निस्वार्थ भावना के साथ काम करने का प्रयास करना चाहिए। शांता कुमार ने प्रदेश भाजपा महामंत्री त्रिलोक कपूर के साथ बातची में इस बात पर जोर दिया। त्रिलोक कपूर ने मुलाकात के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों से लेकर सुक्खू सरकार के कामकाज और कांगड़ा व पालमपुर से जुड़े विकास के मुद्दों पर चर्चा कर पूर्व सीएम का मार्गदर्शन लिया। प्रदेश भाजपा में अध्यक्ष पद ताजपोशी को लेकर पार्टी के भीतर चल रही हलचल को देखते हुए इस मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं।
पूर्व सीएम से करीब आधा घंटा की बातचीत में त्रिलोक कपूर ने पालमपुर के पर्यटन को लेकर रज्जू मार्ग और सौरभ वन विहार में पर्यटकों के आकर्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी चर्चा की। इस मौके पर पूर्व सीएम ने धौलाधार की खूबसूरत पहाड़ियों तक पर्यटकों को पहुंचाने के लिए प्रस्तावित रज्जू मार्ग प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने की आवश्यकता जताई।