डमटाल (कांगड़ा)। इंदौरा के अंतर्गत प्राइमरी हेल्थ सेंटर त्यौरा में पिछले चार महीनों से चिकित्सक का पद रिक्त होने से क्षेत्र के मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंजाब सीमा के साथ होने के कारण इलाके के ग्रामीणों को अपना इलाज करवाने के लिए पंजाब का रुख मजबूरन करना पड़ रहा है। सरकार और विभाग की ओर से पिछले चार महीने से त्यौरा प्राइमरी हेल्थ सेंटर में डॉक्टर के न होने से ग्रामीणों में रोष है।
त्यौरा निवासी महिंदर लाल और अन्य लोगों ने कांग्रेस सरकार मांग की है कि तुरंत डॉक्टर की तैनाती की जाए। अगर जल्द डॉक्टर की तैनाती नहीं की गई तो मंड के ग्रामीणों की ओर इंदौरा में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, चिकित्सा खंड इंदौरा के स्वास्थ्य अधिकारी संदीप महाजन ने कहा कि उनकी ओर से रिक्त पड़े पद की जानकारी विभाग को दे दी गई है और जल्द ही इस समस्या का हल कर दिया जाएगा। उधर, विधायक इंदौरा मलेंदर राजन ने कहा कि उन्हें इस बारे में आपके माध्यम से ही पता चला है और वह जल्द मंड क्षेत्र की इस समस्या को विभाग या जरूरी हुआ तो मुख्यमंत्री से मिलकर हल करवाएंगे।