पालमपुर (कांगड़ा)। सुलह विधानसभा की पंचायत खड़ूल सोरनु में लोग बंदरों से बहुत परेशान हैं। पंचायत में बंदरों का इतना आतंक छाया हुआ है कि यह बंदर अब तक कई लोगों को काट चुके हैं। लोगों का कहना है कि बंदर अब तक निजु शर्मा, बिहारी लाल, शांति कुमार, तृप्ता देवी और रमना कुमारी को काट चुके है। सुशील शर्मा, निजु शर्मा, ज्योति प्रकाश, मेहरी देवी, अशोक नाग और हंसराज आदि ने बताया कि इस बारे कई बार वन विभाग को बता चुके हैं, लेकिन इस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। जबकि पंचायत ने भी इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
इससे लोगों में अब आक्रोश फैलने लगा है। उन्होंने वन विभाग से इन बंदरों से निजात दिलाने की मांग उठाई है। उधर, डीएफओ पालमपुर नितिन पाटिल ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई सूचना नहीं मिली है, लेकिन वह स्टाफ को मौके पर भेजेंगे।