धर्मशाला में नगर निगम के पुराने कार्यालय के पास खराब हुई एचआरटीसी की बस। -संवाद
धर्मशाला। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसों की हालत खस्ता है। बीच सफर में बसों के पहिये थम रहे हैं, जिससे यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है। धर्मशाला से लगभग 85 किमी के सफर के लिए निकली बस मंगलवार सुबह बस अड्डे से मात्र 500 मीटर की दूरी पर तकनीकी खराबी के कारण बीच सड़क रुक गई। बस नगरोटा बगवां डिपो की थी।
यह बस सुबह 6:10 बजे नगरोटा बगवां से चलने के बाद धर्मशाला पहुंची थी और 7:10 बजे पठानकोट रूट के लिए रवाना हुई थी। लेकिन रवाना होते ही नगर निगम धर्मशाला के पुराने कार्यालय के पास बस में तकनीकी खराबी आ गई। चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की। बाद में यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई।
यात्रियों और स्थानीय लोगों ने निगम की बसों की फिटनेस और रखरखाव पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि कई बसें पुरानी हो चुकी हैं और वर्कशॉप में नियमित जांच व मरम्मत न होने से ऐसी समस्याएं बार-बार सामने आ रही हैं। आंकड़ों के अनुसार जिले में इस वर्ष फरवरी से लेकर अब तक निगम की लगभग 16 बसें बीच रास्ते में खराब हो चुकी हैं।
बस खराब होने का मामला ध्यान में आया है। तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को असुविधा हुई है। हालांकि, मौके पर ही यात्रियों के लिए अतिरिक्त बस की सुविधा मुहैया करवाकर उन्हें रवाना कर दिया गया था। -आशबिंदु सिंह, आरएम, एचआरटीसी नगरोटा बगवां