धर्मशाला। इस वर्ष गर्मियों का सीजन शुरू होने से पहले रामनगर और श्यामनगर वार्ड के बाशिंदों को ट्यूबवेल के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की सुविधा मिलेगी। जल शक्ति विभाग ने वार्ड नंबर 15 खनियारा के अंतर्गत आने वाले गांव ठेहड़ में तीन ट्यूबवेल स्थापित कर दिए हैं। इन ट्यूबवेल से पाइपलाइन के जरिये संबंधित वार्डों तक पेयजल पहुंचाया जाएगा।
परियोजना के लिए स्मार्ट सिटी धर्मशाला की ओर से जल शक्ति विभाग को करीब डेढ़ करोड़ रुपये का बजट उपलब्ध करवाया गया है। इसमें से अब तक लगभग 45 लाख रुपये तीनों ट्यूबवेल स्थापित करने पर खर्च किए जा चुके हैं, जबकि करीब 10 लाख रुपये मशीनरी की खरीद पर खर्च किए जाएंगे। शेष राशि पाइपलाइन बिछाने और भंडारण टैंकों के निर्माण पर खर्च की जाएगी। गांव ठेहड़ में एक पेयजल टैंक का निर्माण कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है, जबकि मशीनरी के लिए अलग से भवन का निर्माण किया जा रहा है। विभाग ने पाइपलाइन बिछाने का कार्य अप्रैल तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
इस योजना के क्रियान्वयन से रामनगर और श्यामनगर वार्ड में रहने वाली लगभग 10 हजार की आबादी को गर्मियों से पहले पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। वर्तमान में इन दोनों वार्डों में जल आपूर्ति पर्याप्त नहीं हो पा रही है, जिससे गर्मियों के दौरान लोगों को भारी परेशानी हो रही है। इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए जल शक्ति विभाग ने ट्यूबवेल आधारित पेयजल आपूर्ति योजना तैयार की है।
रामनगर और श्यामनगर वार्ड में ट्यूबवेल से पेयजल आपूर्ति की जाएगी। खनियारा के ठेहड़ गांव में तीन ट्यूबवेल स्थापित हो चुके हैं और टैंक का निर्माण भी पूरा कर लिया गया है। अब मशीनरी स्थापित कर पाइपलाइन बिछाई जाएगी। अप्रैल तक यह कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
-पंकज चौधरी, सहायक अभियंता, जल शक्ति विभाग, धर्मशाला